सुकमा में बड़ा सरेंडर: 8 लाख के इनामी 4 नक्सलियों ने हथियारों सहित छोड़ा माओवाद

0

जिला सुकमा पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोंटा-किस्ताराम एरिया कमेटी क्षेत्र में सक्रिय 8 लाख रुपये के इनामी चार माओवादी संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौट आए हैं। इन नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर हिंसा का रास्ता छोड़ने का निर्णय लिया।

जानकारी के अनुसार, जिला सुकमा पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे प्रभावी अभियानों और संवाद प्रयासों के चलते माओवादियों ने यह कदम उठाया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने स्वचालित हथियारों के साथ गोला-बारूद भी पुलिस को सौंपा, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली है।

यह सरेंडर राज्य सरकार की “पुना मार्गम – पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान के अंतर्गत हुआ, जिसका उद्देश्य भटके युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वालों को सुरक्षा, पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन की दिशा में सहायता प्रदान की जाती है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह आत्मसमर्पण अभियान की सकारात्मक सोच और जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। इससे न केवल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होगी, बल्कि अन्य भटके माओवादी भी मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित होंगे।

जिला सुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नक्सल उन्मूलन के साथ-साथ पुनर्वास और विश्वास बहाली की प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों