खेत में जुए की महफिल पर पुलिस का शिकंजा, 5 जुआरी धराए, नकद और ताश जब्त
थाना सोमनी पुलिस ने जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम मौहाभाठा में खेत खलिहान के पास जुआ खेल रहे पांच जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के खेत में कुछ लोग ताश पत्तियों पर जुआ खेल रहे हैं, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर जुआ खेल रहे आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान जुआ फड़ और आरोपियों के पास से कुल 3,110 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक नीले रंग का टॉवेल बरामद किया गया। सभी जब्त सामग्री को विधिवत पंचनामा तैयार कर कब्जे में लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अलख माण्डले, हेमचंद नेटी, शुभम ठाकूर, हरिश कुमार देवदास और योगेश पटेल शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मौहाभाठा थाना सोमनी जिला राजनांदगांव के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में सभी के जुआ खेलने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 03 के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उनके विरुद्ध विधिवत कानूनी कार्रवाई की गई है। जुआ जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
थाना सोमनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक और ग्रामीण क्षेत्रों में जुआ, सट्टा व अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
