कांकेर पुलिस की नई पहल: महिलाओं की सुरक्षा के लिए लॉन्च हुई “Women Defense Team”, मिलेगा त्वरित संरक्षण
महिलाओं की सुरक्षा और उनके खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम को लेकर कांकेर पुलिस ने एक सराहनीय और अभिनव पहल की है। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक राखेचा (B.P.S.) के निर्देशन में 01 फरवरी 2026 को जिले में “Women Defense Team” का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीमल (B.P.S.) भानुप्रतापपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री दिनेश कुमार सिन्हा की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में डीएसपी (बाल अपराध अनुसंधान) सुश्री प्रतिभा लहरे एवं डीएसपी (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंडे भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
इस टीम का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। Women Defense Team के माध्यम से महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी। टीम स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग करेगी।

महिलाएं अब अपनी शिकायतें ऑफलाइन माध्यम से “Expression App” एवं शिकायत पेटी (SHe-Box) के जरिए भी दर्ज करा सकेंगी। इसके अलावा मेले, मड़ई और साप्ताहिक बाजारों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां घरेलू हिंसा, गुड टच-बैड टच, बाल अपराध, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, पॉक्सो एक्ट, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, साइबर अपराध से बचाव, सुरक्षित सोशल मीडिया उपयोग और आत्मरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
महिलाओं और बालिकाओं की सहायता के लिए इस मौके पर हेल्पलाइन नंबर 📞 94791-55925 भी जारी किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस नंबर पर प्राप्त सूचनाओं और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कांकेर पुलिस की यह पहल जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक मजबूत कदम मानी जा रही है, जिससे महिलाओं में सुरक्षा और भरोसे की भावना और अधिक सशक्त होगी।
