तेज रफ्तार कार की टक्कर से सब इंजीनियर गंभीर घायल, हेलमेट ने बचाई जान – रतनपुर रोड पर बड़ा हादसा

0
WhatsApp Image 2026-02-14 at 10.12.46 PM

रतनपुर रोड पर खंडोबा मंदिर के पास हुए एक सड़क हादसे में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग के सब इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वे बेलगहना क्षेत्र के दौरे पर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक करते हुए उनके स्कूटर को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि सब इंजीनियर आशीष कमलेश उछलकर दूर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी जान बच गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल अधिकारी को सड़क से उठाया और पिकअप वाहन की मदद से सामुदायिक अस्पताल रतनपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों की टीम सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के लिए निकली थी। आशीष कमलेश स्कूटर से अकेले जा रहे थे, जबकि अन्य अधिकारी कार में सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना में उनके घुटने को गंभीर चोट पहुंची है। 35 वर्षीय आशीष कमलेश बिलासपुर के बिलासा गर्ल्स डिग्री कॉलेज में पदस्थ प्राचार्य डॉ. एस. आर. कमलेश के पुत्र हैं। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

-दिलीप जगवानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों