पंचायत चुनाव की रंजिश ने ली जान! दाधाखार में सिर पर वार कर हत्या, आरोपी नरेश पैकरा गिरफ्तार
दाधाखार गांव में पुरानी रंजिश और पंचायत चुनाव की नाराजगी के चलते एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान इतवारी राम पैकरा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नरेश पैकरा (उम्र 42 वर्ष), निवासी ग्राम दाधाखार थाना कसडोल, ने लकड़ी के डंडे से सिर पर जोरदार वार कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात को लेकर दोनों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर गवाहों को धमकाते हुए किसी को भी घटना की जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। इससे गांव में भय का माहौल बन गया था।
मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की। साक्ष्यों और पूछताछ के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
