तिल्दा नेवरा में ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़! 1.80 लाख नकद बरामद, आरोपी गिरफ्तार

0
16 feb 5.1

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए तिल्दा नेवरा क्षेत्र के कोहका इलाके में कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा संचालन कर रहा था।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 1 लाख 80 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। इसके अलावा सट्टा संचालन में उपयोग किए जा रहे उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। जब्त नकदी व सामान की कुल कीमत लगभग 2 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस को लंबे समय से इलाके में ऑनलाइन सट्टे की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह अवैध गतिविधि कितने समय से संचालित की जा रही थी और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों