ग्राम खोलवा में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कबड्डी प्रतियोगिता, 30 टीमों ने लिया हिस्सा; ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
ग्राम खोलवा। सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और पुलिस तथा ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ग्राम खोलवा में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों की 25 से 30 टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कबड्डी प्रतियोगिता को देखने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए करीब 400 ग्रामीण एवं खेल प्रेमी आम नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान ग्रामीणों में खेल भावना के साथ सामुदायिक सहभागिता और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की।
पुलिस अधिकारी ने ग्रामीणों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित इस खेल प्रतियोगिता ने पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद का एक बेहतर मंच तैयार किया। खेल के साथ साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश भी ग्रामीणों तक पहुंचाया गया।
