गरियाबंद में नक्सलियों को बड़ा झटका! 62.50 लाख का हथियारों का जखीरा बरामद

0
20.5.1

गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना मैनपुर क्षेत्र के ग्राम बड़ेगोबरा के सतमारी पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 62 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों की सूचना मिली थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान सतमारी पहाड़ी में संदिग्ध स्थानों की गहन तलाशी ली गई। इसी दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया डंप बरामद हुआ, जिसमें अत्याधुनिक हथियार और अन्य सामग्री मिली।

बरामद हथियारों में एसएलआर और इंसास राइफल सहित बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य उपयोगी सामग्री शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह डंप नक्सलियों द्वारा भविष्य की किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी के तहत छिपाया गया था।

सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है और पूरे इलाके में सर्च अभियान और तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार चल रहे अभियान से नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने में महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में अभियान लगातार जारी रहेगा। दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ाई जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों