महासमुंद में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार! 12 घंटे में 187 किलो गांजा जब्त, 6 गिरफ्तार
महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। थाना कोमाखान, बागबाहरा और खल्लारी क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर पुलिस ने 187 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 93 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई। चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से गांजा की बड़ी खेप बरामद की गई। मौके से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो अंतरराज्यीय स्तर पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि मादक पदार्थों की यह खेप दूसरे राज्य से लाकर विभिन्न जिलों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस ने बरामद गांजा, परिवहन में उपयोग किए गए साधन और अन्य साक्ष्यों को जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, कम समय में लगातार तीन सफल कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी तेज़ी से जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।
