बालको में युवती पर फायरिंग से सनसनी! पिस्टल और कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

0
21.1

कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में एक युवती के घर के बाहर फायरिंग की गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से युवती का पीछा कर एकतरफा प्रेम का दबाव बना रहा था। घटना की रात वह युवती के घर के बाहर पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। जैसे ही दरवाजा खुला, आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया।

बताया गया है कि पहली गोली चलने पर पीड़िता नीचे बैठ गई, जिससे वह बाल-बाल बच गई। आरोपी ने दोबारा फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चल पाई। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। त्वरित दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी को अवैध हथियार कहां से प्राप्त हुआ। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की आपराधिक हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों