रायगढ़ में सनसनी! मारपीट के बाद युवक को जलाकर हत्या, खरसिया पुलिस ने एक आरोपी दबोचा
रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मौहापाली गांव में युवक की बेरहमी से मारपीट कर आग से जलाकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक अपने रिश्तेदार के घर मौहापाली आया हुआ था। रात के समय वह घर से बाहर निकला और कुछ देर बाद गांव की गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर मारपीट और जलने के गंभीर निशान पाए गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खरसिया पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें मृतक को दो युवकों के साथ आखिरी बार देखा गया। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पूछताछ में सामने आया कि घटना की रात तीनों युवक साथ में बैठे थे। इसी दौरान आपसी विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपियों ने मृतक के साथ हाथ-मुक्के और ईंट से मारपीट की। इसके बाद वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त ईंट, कपड़े, मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त किए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को हत्या के मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
