रतलाम में नशे पर बड़ा प्रहार! 20 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ युवक दबोचा, 20.80 लाख की जब्ती

0
21.2.1

रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माननखेड़ा चौकी और थाना रिंगनोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 200 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी जावरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से एमडी ड्रग्स लेकर क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम माननखेड़ा स्थित आम रोड चौराहे पर घेराबंदी की। संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक को रोककर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 200 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई है, वहीं उपयोग में ली गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जब्ती लगभग 20 लाख 80 हजार रुपये की है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों