रायगढ़ में “ऑपरेशन आघात” का बड़ा वार! रेलवे स्टेशन के पास 7 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

0
23.1.1

रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतरारोड़ और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर गांजा बिक्री की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दो महिलाएं और एक पुरुष दो बैग में गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना कोतरारोड़ पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। घेराबंदी कर तीनों संदेहियों को पकड़ा गया और एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 7.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही दो आरोपियों के पास से नगद राशि भी जब्त की गई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बाहर राज्य से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है, जिसमें सप्लाई नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों