भितरवार पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई! 1600 लीटर लहान नष्ट, अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार
ग्वालियर जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और ग्रामीण पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में भितरवार थाना पुलिस ने कानजर डेरा चकमीआपूर क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध सामग्री नष्ट की।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध शराब बनाने की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस की मौजूदगी देखते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर रखे आठ प्लास्टिक टैंकों में भरे करीब 1600 लीटर लहान (गुड़ मिश्रित कच्चा घोल) को नष्ट किया। इसके साथ ही लगभग 20 लीटर कच्ची शराब भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब निर्माण पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार अभियान जारी रहेगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से दबिश दी जाएगी। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
