कबीरधाम में 5 करोड़ का गांजा पकड़ा! ओडिशा से राजस्थान जा रही 9 क्विंटल की खेप जब्त
कबीरधाम पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 9 क्विंटल गांजा जब्त किया है। कंटेनर वाहन में छिपाकर ले जाई जा रही इस खेप की अंतरराज्यीय स्तर पर तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा राजस्थान ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
जब्त किए गए गांजे का वजन लगभग 9 क्विंटल बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा कंटेनर वाहन समेत कुल संपत्ति लगभग 5.5 करोड़ रुपये की जब्त की गई है।
पुलिस ने मौके से एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह जांच की जा रही है कि इस खेप को किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।
कबीरधाम पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
