त्योहारों से पहले रतलाम पुलिस अलर्ट! एसपी ने थाने का किया औचक निरीक्षण, अपराधियों को सख्त चेतावनी

0
23.9.1

रतलाम जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने थाना औद्योगिक क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी और स्टाफ के साथ क्षेत्र की कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर का भ्रमण कर हवालात, शस्त्रागार और रिकॉर्ड रूम की स्थिति का जायजा लिया। ड्यूटी रजिस्टर, एफआईआर रजिस्टर और शिकायत अभिलेखों का संधारण भी देखा गया। अधिकारियों को रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और सभी कार्यवाही समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहारों—होली, धुलेंडी, रंगपंचमी और रमजान—को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसपी ने रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और संभावित विवादों पर समय रहते नियंत्रण करने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान हवालात की साफ-सफाई, बंदियों की सुरक्षा और भोजन-पानी की व्यवस्था की भी जांच की गई। इसके अलावा थाने में उपलब्ध बलवा ड्रिल सामग्री और आपातकालीन संसाधनों का निरीक्षण कर निर्देश दिया गया कि सभी उपकरण और सामग्री हर समय उपयोग के लिए तैयार स्थिति में रहें।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार रखा जाए। साथ ही आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर और अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों, अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध हथियार के मामलों में सख्त कार्रवाई तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों