भिलाई में तीरंदाजी का रोमांच! ऑल इंडिया पुलिस आर्चरी में ITBP ने मारी बाजी, पदक तालिका जारी
जिला दुर्ग स्थित भिलाई में आयोजित 14वीं ऑल इंडिया पुलिस आर्चरी प्रतियोगिता 2025-26 के चौथे दिन व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं के परिणाम घोषित कर दिए गए। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, प्रथम वाहिनी परिसर में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के राज्यों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
चौथे दिन रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड के अंतर्गत एलिमिनेशन, टीम और मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल मुकाबले नियमों के अनुरूप संपन्न हुए। प्रतियोगिता भारतीय तीरंदाजी संघ के तकनीकी दिशा-निर्देशों के तहत पारदर्शिता और अनुशासन के साथ आयोजित की जा रही है।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं की पदक तालिका (चौथे दिन तक) में ITBP ने 22 पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश और CRPF ने 11-11 पदक जीतकर दूसरा स्थान साझा किया। असम राइफल्स को 9, राजस्थान को 8, CISF और BSF को 7-7, SSB को 6, महाराष्ट्र और पंजाब को 5-5 तथा असम को 1 पदक प्राप्त हुआ।
टीम इवेंट में भी ITBP और उत्तर प्रदेश ने 3-3 पदकों के साथ बढ़त बनाई। असम राइफल्स, CRPF, BSF और SSB को 2-2 पदक मिले। वहीं असम, महाराष्ट्र और CISF को 1-1 पदक प्राप्त हुआ। राजस्थान और पंजाब इस श्रेणी में पदक हासिल नहीं कर सके।
प्रतियोगिता स्थल पर सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जहां कुछ महिला पुलिस अधिकारी अपने परिवार और बच्चों के साथ उपस्थित रहीं। इससे पुलिस परिवारों के बीच सामंजस्य और खेल भावना की झलक देखने को मिली। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि श्री विवेकानंद सिन्हा (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, तकनीकी अधिकारियों एवं ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा और यातायात निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें।






