होली से पहले ग्वालियर में शराब तस्करी पर प्रहार! कार से 18 पेटी देशी शराब बरामद
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहटा चौकी में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वाहन चेकिंग के दौरान कार से 18 पेटी देशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 5.73 लाख रुपये आंकी गई है।
आगामी होली पर्व को देखते हुए जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में सीएसपी महाराजपुरा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी यशवंत गोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बेहटा रोड पर सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान जहांगीरपुर की ओर से आ रही एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी और पिछली सीट के पास से 13 पेटी देशी शराब प्लेन और 5 पेटी देशी शराब टॉर्च बरामद हुई, जिनमें कुल करीब 162 बल्क लीटर शराब थी।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम महेंद्र सिंह चौहान निवासी ग्वालियर बताया। शराब परिवहन के संबंध में वैध लाइसेंस मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने 18 पेटी शराब (कीमत लगभग 73 हजार रुपये) और मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) जब्त की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान अवैध शराब तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
