धान के पैसे के विवाद में खूनी हमला! चिचोला पुलिस ने 4 आरोपियों को घंटों में दबोचा
जिला राजनांदगांव के चिचोला चौकी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां हिस्से के धान के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही चिचोला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने घर पर मौजूद था, तभी उसके रिश्तेदार घर में पहुंचे और धान के हिस्से के पैसे को लेकर विवाद करने लगे। बहस बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लकड़ी के डंडे से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य भी हमले का शिकार हुए। मारपीट में एक व्यक्ति के चेहरे और आंखों के पास गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे उपचार की जरूरत पड़ी। घटना से गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी।
शिकायत मिलते ही चिचोला पुलिस ने अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी पारिवारिक या आर्थिक विवाद को आपसी बातचीत या कानूनी माध्यम से सुलझाएं और हिंसा का सहारा न लें।
