दुर्ग में होली से पहले सुरक्षा का कड़ा पहरा! 900 जवानों का फ्लैग मार्च, ड्रोन से रखी जा रही नजर
होली पर्व के मद्देनजर शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग जिले में व्यापक फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित इलाकों का चिन्हांकन कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।
फ्लैग मार्च में कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त भागीदारी रही। वहीं पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर/ग्रामीण), नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

पहली टीम ने पुलिस कंट्रोल रूम से निकलकर सेक्टर-06 भिलाई, रेलवे चौक, सेक्टर-09 तिराहा, 32 बंगला, वाय-शेप ब्रिज, मालवीय नगर चौक, पटेल चौक, सर्किट हाउस, सुपेला चौक, कुरूद कोहका, जामुल, खुर्सीपार और पुरानी भिलाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में पैदल और वाहन मार्च किया। दूसरी टीम ने पुलगांव चौक, भारती कॉलेज, महाराजा चौक, जेल तिराहा, राजेंद्र पार्क चौक, ग्रीन चौक, मोहन नगर और दुर्ग थाना क्षेत्र में गश्त कर सुरक्षा का संदेश दिया।
जिले में लगभग 900 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही “ईगल” विशेष क्विक रिस्पॉन्स टीम को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। शहर के विभिन्न हिस्सों की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जा रही है, जिससे असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके।
इस बार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पेट्रोलिंग टीम भी गठित की गई है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
