इंस्टाग्राम से ठगी का जाल: जयपुर से 2 साइबर आरोपी गिरफ्तार, 17 राज्यों में 181 मामले दर्ज

0
3.7.1

साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये आरोपी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लोगों को सस्ते दामों में कपड़े, लहंगे और सूट बेचने का लालच देते थे और फिर उनसे ऑनलाइन ठगी करते थे। देश के 17 राज्यों में इनके खिलाफ कुल 181 साइबर फ्रॉड के मामले दर्ज हैं।

जांच के अनुसार, एक मामले में ग्राम तरेंगा निवासी व्यक्ति से 6 लाख 25 हजार 239 रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने एक युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और कम कीमत में महिलाओं के कपड़े बेचने का झांसा दिया। जब पीड़ित ने संपर्क किया तो उसे बताया गया कि ‘कैश ऑन डिलीवरी’ की सुविधा उपलब्ध नहीं है और भुगतान केवल क्यूआर कोड के माध्यम से करना होगा।

व्हाट्सएप नंबर के जरिए लगातार चैट कर आरोपियों ने पहले बिलिंग चार्ज, फिर जीएसटी, डिलीवरी चार्ज और बाद में रिफंड चार्ज जैसे अलग-अलग बहाने बनाकर रकम ऐंठी। इस तरह पीड़ित से बड़ी रकम वसूल ली गई। ठगी का तरीका बेहद सुनियोजित था, जिससे कई लोग इनके जाल में फंसते चले गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकिशोर मीणा (25 वर्ष) और रविंदर मीणा (26 वर्ष), निवासी ग्राम गोकुलपुरा, तहसील बसी, जिला जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है और आगे की जांच जारी है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सस्ते सामान के लालच में आकर अनजान लिंक या क्यूआर कोड के जरिए भुगतान न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों