होली पर बवाल: गैतरा गांव में दो पक्षों में मारपीट, 13 आरोपी गिरफ्तार
होली के मौके पर गैतरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर हाथ, मुक्का, डंडे और लकड़ी से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गिधपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई शुरू की।
पूरे घटनाक्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ कुल तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में विष्णु प्रसाद फेकर, समीर फेकर, देव कुमार ठीकर, संतोष फेकर, प्रीतम फेनकर, रवि फेनकर, रविंद्र फेकर, किशन मनहरे, किशोर मनहरे, विकास सांडे, अजय सांडे और आदित्य सांडे सहित एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। सभी आरोपी ग्राम गैतरा, थाना गिधपुरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार होली के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले, इसके लिए तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
गिधपुरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे त्योहार को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं।
