केशकाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, 112 किलो से अधिक गांजा और कार जब्त
कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 112.076 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक काली रंग की वोक्सवैगन कार भी जब्त की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक Pankaj Chandra के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्र तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। जिले में अवैध गांजा, शराब तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से रायपुर की ओर एक काले रंग की वोक्सवैगन कार में अवैध गांजा लेकर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर केशकाल थाना क्षेत्र में नाका लगाकर संदिग्ध वाहन की निगरानी की गई। कुछ देर बाद जब उक्त कार वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगा ले गया।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और दादरगढ़ पुलिस सहायता केंद्र के पास बैरिकेडिंग लगाकर वाहन रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी वाहन को सड़क से नीचे उतारकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शैतान सिंह गौर (28 वर्ष), निवासी मुरलिया, तहसील बैगूं, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप से पैक किए गए 27 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 112.076 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजा और कार को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
