ग्वालियर में पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 247 वारंटी गिरफ्तार और 291 बदमाशों की जांच

0
9.4.1

ग्वालियर जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने बड़ा कॉम्बिंग पेट्रोल अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 247 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 115 स्थायी वारंटी और 132 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर शहर और ग्रामीण थाना क्षेत्रों में 8 और 9 मार्च की रात संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कई इलाकों में सघन तलाशी और गश्त की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 291 गुंडे-बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों की भी जांच की। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई स्थानों पर जांच की गई। कॉम्बिंग पेट्रोल के दौरान पुलिस ने धारा 151 के तहत 8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि धारा 107/116 के तहत भी 8 मामलों में कार्यवाही की गई।

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिता डागर, अनु बेनीवाल, सुमन गुर्जर और ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ मिलकर गश्त की और कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी। इस दौरान बैंक एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशाला और ढाबों की भी जांच की गई। साथ ही संदिग्ध वाहनों और दोपहिया चालकों की भी सघन जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों