हत्या के प्रयास का 10 हजार का इनामी आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार, ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0
9.5.1

ग्वालियर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में की गई।

जानकारी के अनुसार आरोपी यज्ञय यादव, निवासी प्रेमपुरा पस्तोर जिला ग्वालियर, लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस को तकनीकी जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी चंडीगढ़ में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम को तुरंत चंडीगढ़ रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सेक्टर-35 स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर ग्वालियर पहुंची।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गांव बाबूपुर सिंध नदी के पास बने ठिकाने से घटना में इस्तेमाल की गई 32 बोर की अवैध देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।

बताया गया कि आरोपी और उसके साथियों ने दिसंबर 2025 में ट्रैक्टर रोकने के विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर गोली चला दी थी, जिसमें वह घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

इस कार्रवाई में थाना पस्तोर प्रभारी शिवम राजावत, साइबर सेल प्रभारी रजनी रघुवंशी सहित पुलिस टीम और तकनीकी सेल के कई अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ग्वालियर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों