पशु क्रूरता मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, डंडे और पत्थर से मारकर पड़वा की हत्या
मणीपुर थाना क्षेत्र में पशु क्रूरता के एक गंभीर मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक पड़वा को डंडे और पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार मठपारा निवासी मोहर लाल यादव ने 26 फरवरी 2026 को थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 25 फरवरी की रात उन्होंने अपने मवेशियों को रोज की तरह घर के पास बांधा था, जिसमें से एक पड़वा खुला हुआ था। इसी दौरान गांव के पनेश्वर मुंडा और विकास मुंडा ने उसे डंडे और पत्थर से दौड़ा-दौड़ाकर मारना शुरू कर दिया।
पड़वा के चिल्लाने की आवाज सुनकर प्रार्थी की पत्नी बाहर निकली तो उसने देखा कि दोनों आरोपी पशु को बेरहमी से पीट रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया और पूछताछ की तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज भी की। गंभीर चोट लगने के कारण बाद में पड़वा की मौत हो गई।
मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 37/26 के तहत धारा 325 बीएनएस, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 04 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और मृत पड़वा का पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों विकास मुंडा (25 वर्ष) और परमेश्वर उर्फ पनेश्वर मुंडा (27 वर्ष) को उनके घर से पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा और पत्थर भी जब्त कर लिया है। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडेय सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की सक्रिय भूमिका रही।
