रायगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गैंगस्टर विशाल ठाकुर गिरफ्तार, 20 से ज्यादा केस दर्ज
रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल सिंह ठाकुर उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी विशाल ठाकुर, जो कोतवाली थाना क्षेत्र का कुख्यात बदमाश बताया जा रहा है, के खिलाफ पहले से ही करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
मामले की जानकारी तब सामने आई जब 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह अपने एक परिचित के घर गई थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी विशाल ठाकुर से हुई। आरोपी उसे जबरदस्ती अपने साथ ले गया और एक कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को किसी को भी घटना के बारे में बताने पर धमकी दी और उसे केवड़ाबाड़ी इलाके के पास छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज किया। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में उपयोग की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जिले में सक्रिय बदमाशों पर पुलिस की कड़ी निगरानी बनी हुई है।
