ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला की आत्महत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई
रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में एक महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए ब्लैकमेलिंग के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सेमीजोर गांव की 26 वर्षीय महिला ने अपने घर के रसोई कक्ष में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतका के परिजनों ने पुलिस को मोबाइल में सुरक्षित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग और महिला द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट सौंपा। इन सबूतों के आधार पर पता चला कि गांव का ही रहने वाला महेंद्र गुप्ता महिला को बातचीत की रिकॉर्डिंग के आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था और उसे गलत काम करने के लिए दबाव बना रहा था।
लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तमनार पुलिस ने आरोपी महेंद्र गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अपराध को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
