मोबाइल हैक कर 97 हजार उड़ाए, लेकिन बच गई पूरी रकम! ग्वालियर पुलिस की तेज कार्रवाई से शिक्षक को राहत
ग्वालियर में साइबर ठगी का शिकार बने एक शासकीय शिक्षक को पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ी राहत मिली है। साइबर क्राइम विंग ने 97 हजार रुपये की ठगी गई पूरी राशि वापस कराते हुए एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता साबित की है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक के मोबाइल को हैक कर जालसाजों ने एसएमएस फॉरवर्डिंग सिस्टम एक्टिव कर दिया था। इसके जरिए आरोपियों ने उनके क्रेडिट कार्ड का गलत इस्तेमाल करते हुए 97 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच शुरू की। टीम ने बैंक और पेमेंट गेटवे से संपर्क कर ट्रांजेक्शन को ट्रैक किया और तुरंत राशि को फ्रीज कर दिया, जिससे नुकसान को रोका जा सका।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने पूरी 97 हजार रुपये की रकम सुरक्षित रूप से शिक्षक के खाते में वापस करा दी। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया और उनकी सराहना की।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बिना जांचे कोई भी ऐप इंस्टॉल न करें, क्योंकि इससे मोबाइल हैकिंग और बैंकिंग फ्रॉड का खतरा बढ़ सकता है।
