72 घंटे में अफीम नेटवर्क ध्वस्त! रायगढ़ में ड्रोन सर्वे से ताबड़तोड़ कार्रवाई, मचा हड़कंप
रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे के भीतर अफीम के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। लगातार तीन अहम कार्रवाइयों से इस अवैध गिरोह पर करारा प्रहार हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, तमनार के आमाघाट से लेकर लैलूंगा के नवीन घटगांव और मुड़ागांव तक प्रशासन ने सघन अभियान चलाया। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध अफीम की खेती का पता लगाया गया और उसे नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
इस अभियान की खास बात यह रही कि प्रशासन ने ड्रोन सर्वे का सहारा लिया, जिससे दूरदराज और घने क्षेत्रों में भी निगरानी संभव हो सकी। ड्रोन की मदद से संदिग्ध इलाकों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे नेटवर्क का तेजी से पर्दाफाश हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, जिले के सभी अनुविभागों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध खेती पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले को नशामुक्त बनाया जा सके।
