2 करोड़ की अफीम खेती का बड़ा खुलासा! झारखंड से फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस का इंटरस्टेट एक्शन जारी
रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में अवैध अफीम खेती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को अंतरराज्यीय कार्रवाई के तहत झारखंड से गिरफ्तार किया गया है, जिससे इस बड़े नेटवर्क पर पुलिस की पकड़ और मजबूत हुई है।
पुलिस की विशेष टीम ने साइबर और तमनार थाना के संयुक्त ऑपरेशन में झारखंड के पहाड़ी इलाकों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी एमानुएल भेंगरा को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
इस मामले में पहले ही पुलिस द्वारा 60,326 अफीम के पौधे (करीब 2877 किलोग्राम) और 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम जब्त की जा चुकी है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 5 लाख रुपये आंकी गई है, जो इस कार्रवाई को बेहद महत्वपूर्ण बनाती है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज इस प्रकरण में मुख्य आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है और जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय स्तर पर लगातार दबिश दी जा रही है।
