मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी का खुलासा: प्रेमनगर पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा, ₹2.10 लाख के मोबाइल बरामद

0

सूरजपुर। सूरजपुर जिले की प्रेमनगर पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹2.10 लाख कीमत के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सलका निवासी कृष्ण कुमार साहू ने 18 जुलाई 2026 को थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17-18 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनकी मोबाइल दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर दुकान से 16 मोबाइल फोन, 2 सीसीटीवी कैमरे, 1 एलईडी टीवी और ₹2,000 नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत ₹2,86,550 आंकी गई थी। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। इसी बीच सूचना मिली कि पुलिस की सक्रियता से घबराकर चोरों ने 9 चोरी के मोबाइल कबीर चबूतरा के पास छोड़ दिए हैं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।

तकनीकी साक्ष्यों और लगातार दबिश के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मुनेश्वर सिंह उइके (21 वर्ष), दिलीप कुमार उर्फ मंग्लू (20 वर्ष) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद कुछ मोबाइल अलग-अलग स्थानों पर छिपाए गए थे, जबकि 4 मोबाइल और सीसीटीवी कैमरे नदी में फेंक दिए गए थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मुल्लू प्रताप सिंह (19 वर्ष) के कब्जे से 2 मोबाइल और दिलीप उर्फ मंग्लू से 1 मोबाइल बरामद किया। इस प्रकार पुलिस ने कुल ₹2.10 लाख मूल्य के मोबाइल फोन बरामद किए और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विराट बिस, एएसआई गुड्डू कुशवाहा, प्रधान आरक्षक महेन्द्र पटेल, विनय किस्पोट्टा तथा आरक्षक दीपक यादव, हरीशचंद्र दास, संतोष ठाकुर, नवीन बेक, बृजेश काशी और सत्यम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों