वारदात की फिराक में था बदमाश! ग्वालियर पुलिस ने देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दबोचा
ग्वालियर में अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चीनोर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पैरा की पुलिया के पास से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भानू गुर्जर बताया, जो ग्वालियर जिले का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का देशी कट्टा बरामद हुआ, जिसमें एक जिंदा कारतूस लोड था, जबकि एक अन्य कारतूस उसकी जेब से मिला।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे हथियार के स्रोत और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
