चेन स्नेचिंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार! CCTV से खुलासा, 2 सोने की चेन बरामद

0
m27.5.1

ग्वालियर में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा कर एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना विश्वविद्यालय और मुरार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, शहर के विश्वविद्यालय और मुरार थाना क्षेत्रों में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने की घटनाएं सामने आई थीं। दोनों मामलों में पीड़ित महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान की और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गणेशपुरा चौराहे के पास मौजूद है। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम के.के उर्फ कृष्णकांत शर्मा बताया और दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, कपड़े और अन्य सामान बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से शहर में हुई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों