दुर्ग में कुम्हारी खारून नदी ब्रिज मरम्मत के दौरान ट्रैफिक डायवर्सन व्यवस्था

0
m30.7

भिलाई के कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ट्रैफिक डायवर्सन लागू किया जाएगा। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा विस्तृत योजना तैयार कर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इससे पहले 30 मार्च को सुबह 9 से 12 बजे तक रियल टाइम रिहर्सल भी किया जाएगा।

मरम्मत कार्य के दौरान भारी, मध्यम और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में आयोजित बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में सभी विभागों—जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी और निर्माण एजेंसी—के अधिकारियों ने मिलकर पूरे प्लान को अंतिम रूप दिया।

डायवर्सन प्लान के तहत दुर्ग से रायपुर जाने वाले हल्के वाहन नेवई-उतई-सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग का उपयोग करेंगे, जबकि सुपेला, भिलाई और रिसाली क्षेत्र के वाहन उतई-सेलूद-ढौर-अमलेश्वर रूट से गुजरेंगे। वहीं रायपुर से दुर्ग आने वाले वाहन चंदनीडीह और पुराने रपटा पुल जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे।

भारी वाहनों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कुछ समय के लिए टोल प्लाजा और प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी, ताकि जाम की स्थिति न बने। साथ ही नंदिनी, बेरला और औद्योगिक क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रिंग रोड मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

निर्माण कार्य के दौरान 24 घंटे निगरानी, क्रेन की उपलब्धता और वालेंटियर की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी खराब वाहन को तुरंत हटाया जा सके और यातायात बाधित न हो। सभी डायवर्सन पॉइंट पर संकेतक बोर्ड, रूट मैप और दिशा-निर्देश फ्लेक्स लगाए जाएंगे।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बनी रहेगी, बल्कि सभी को सुरक्षित और सुगम यात्रा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों