DCM विजय शर्मा की रणनीति का असर: कांकेर में ₹60 लाख के इनामी 11 माओवादी सरेंडर, AK-47 समेत हथियार जमा
छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन को लेकर उपमुख्यमंत्री (गृह) श्री विजय शर्मा की सख्त रणनीति अब निर्णायक असर दिखा रही है। “मिशन 2026” के अंतिम चरण में कांकेर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
कांकेर पुलिस द्वारा संचालित “पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान के तहत कुल 11 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण किया है, जिन पर ₹60 लाख का इनाम घोषित था। इनमें PPCM, ACM और PM रैंक के सक्रिय माओवादी शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठन में काम कर रहे थे।

आत्मसमर्पण के दौरान माओवादियों ने AK-47, SLR और .303 राइफल सहित 09 घातक हथियार जमा किए। इसके अलावा, अलग-अलग डंप से भी बड़ी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद की गई, जिसमें AK-47, इंसास, BGL लॉन्चर, ग्रेनेड, डेटोनेटर और ₹5 लाख नगद शामिल हैं।
इस अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में बस्तर रेंज IG श्री पी. सुंदरराज के मार्गदर्शन और स्थानीय पुलिस की रणनीति की अहम भूमिका रही। पुलिस लाइन कांकेर में आयोजित कार्यक्रम में SP श्री निखिल राखेचा सहित BSF और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को शासन की नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास और रोजगार की सुविधा दी जाएगी। “पूना मारगेम” अभियान का उद्देश्य माओवादियों को मुख्यधारा में जोड़कर क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास सुनिश्चित करना है।
