IPL सट्टे पर RJN पुलिस का सुपर ओवर — हाईटेक रैकेट ध्वस्त, 5 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का खेल उजागर
राजनांदगांव पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मोहरा नाला के पास संचालित इस गिरोह पर दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 आरोपी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अधिकारियों की निगरानी में गठित टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। सूचना के आधार पर मोहारा (बजरंग नगर) क्षेत्र में स्थित एक फार्महाउस में चल रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ, जहां आरोपी आधुनिक तकनीक के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी “सांई ऐप” के माध्यम से हर गेंद और ओवर पर दांव लगवा रहे थे। मोबाइल, लैपटॉप और विशेष सॉफ्टवेयर का उपयोग कर कोड भाषा में सट्टा लिखा जाता था और पूरा हिसाब-किताब रखा जाता था। इस रैकेट में लाखों रुपये का लेन-देन हो रहा था।

पुलिस ने मौके से 2 लैपटॉप, 1 टैब, 7 मोबाइल, एक मोटरसाइकिल, चार्जर और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। साथ ही सट्टा पट्टी में करीब 9.20 लाख रुपये का हिसाब मिला है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 112 (संगठित अपराध) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आईपीएल सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
