उजियारा अभियान में बड़ी कार्रवाई — क्रेटा वाहन से 67 किलो गांजा जब्त, चालक फरार
कांकेर जिले में ‘उजियारा अभियान’ के तहत नरहरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक क्रेटा वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है, हालांकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। जिले में लगातार अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि एक क्रेटा वाहन (क्रमांक OD 10 J 3344) में अवैध गांजा परिवहन किया जा रहा है। पुलिस टीम ने भारतमाला रोड पर घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए ग्राम डिब्बीपानी के पास वाहन को दुर्घटनाग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान वाहन से 03 बोरियों में रखे 13 पैकेटों में कुल 67.380 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹33,69,000 आंकी गई है। इसके साथ ही क्रेटा वाहन (कीमत ₹10 लाख) और दो अतिरिक्त नंबर प्लेट भी जब्त की गईं। कुल जब्ती की कीमत ₹43,69,000 बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 20(B)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
