शादी का सपना दिखाकर करोड़ों की ठगी! ‘दुल्हन बनकर’ युवतियों ने 7693 लोगों को बनाया शिकार
रायगढ़ में साइबर ठगी का ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया। बाहर से साधारण लोक सेवा केंद्र जैसा दिखने वाली जगह के अंदर असल में एक पूरा फर्जी कॉल सेंटर चल रहा था, जहां से देशभर के लोगों को शादी का झांसा देकर लाखों-करोड़ों रुपए ठगे जा रहे थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यहां काम करने वाली युवतियां खुद को शादी के लिए इच्छुक लड़की बताकर लोगों से बातचीत करती थीं। उन्हें खास तरीके से ट्रेनिंग दी गई थी ताकि वे सामने वाले व्यक्ति का भरोसा जल्दी जीत सकें। शुरुआत सामान्य बातचीत से होती थी, फिर धीरे-धीरे भावनात्मक रिश्ता बनाकर शादी की बात आगे बढ़ाई जाती थी।
जब सामने वाला पूरी तरह भरोसा कर लेता था, तब रजिस्ट्रेशन फीस, मुलाकात, परिवार से मिलने या शादी की तैयारी जैसे बहाने बनाकर पैसे मांगे जाते थे। रकम मिलने के बाद अचानक संपर्क बंद कर दिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक इस गिरोह ने सोशल मीडिया और वीडियो प्लेटफॉर्म पर आकर्षक प्रोफाइल और वीडियो अपलोड कर लोगों को फंसाया। हर प्रोफाइल के साथ मोबाइल नंबर दिया जाता था, जहां से कॉल सेंटर की टीम बातचीत शुरू करती थी। जांच में सामने आया कि कुल 7693 लोगों से करीब 1.11 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
मुख्य आरोपी ने पहले लोक सेवा केंद्र की आईडी से काम किया था, लेकिन आईडी निरस्त होने के बाद उसी जगह को ठगी के अड्डे में बदल दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 युवतियों समेत 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आईटी एक्ट व धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
