अब हाईटेक होगी पुलिसिंग! नारायणपुर में DRG जवानों को मिल रही डिजिटल और आधुनिक कानूनों की खास ट्रेनिंग
नारायणपुर पुलिस भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अपने DRG जवानों को आधुनिक और डिजिटल पुलिसिंग के लिए तैयार कर रही है। इसी दिशा में 06 अप्रैल से ओपन एरिना DRG कैंपस में विशेष दक्षता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण में जवानों को नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और साक्ष्य अधिनियम 2023 — की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही ई-साक्ष्य संग्रह, वैज्ञानिक विवेचना तकनीक और कम्युनिटी पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग कराई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बदलते अपराध स्वरूप और डिजिटल क्राइम को देखते हुए जवानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना बेहद जरूरी हो गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग को ज्यादा प्रभावी, पारदर्शी और आम जनता के लिए भरोसेमंद बनाना है।
नारायणपुर पुलिस का मानना है कि आधुनिक प्रशिक्षण से न केवल अपराध नियंत्रण मजबूत होगा बल्कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद भी स्थापित होगा।




