भोपाल में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा! 2 युवतियों समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस का नशा मुक्त समाज अभियान तेज
नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए भोपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना अयोध्या नगर (जोन-02) पुलिस टीम ने गांजा तस्करी के मामले में दो युवतियों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 6.285 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी उड़ीसा से अवैध रूप से गांजा लाकर भोपाल शहर में सप्लाई करते थे।
जानकारी के अनुसार, रीवा और रायसेन निवासी आरोपी शहर में किराए का मकान लेकर रह रहे थे और वहीं से तस्करी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने का अभियान और मजबूत हो सके।
