दुर्ग पुलिस लाइन में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण: जवानों को सिखाए गए आग से मुकाबले के आधुनिक तरीके
दुर्ग। आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में दुर्ग पुलिस द्वारा पुलिस लाइन में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आगजनी जैसी आपात परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक आरक्षकों एवं पुलिस स्टाफ को अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने से संबंधित तकनीकी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में जिला सेनानी नागेन्द्र सिंह ने आग के विभिन्न प्रकारों की पहचान, अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की विधि तथा आग नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विशेष रूप से गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने एवं आग के फैलाव को रोकने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
इसके साथ ही आगजनी की घटनाओं के दौरान बचाव कार्य, भीड़ नियंत्रण, प्राथमिक सुरक्षा उपाय, रेस्क्यू ऑपरेशन एवं विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वित रिस्पॉन्स पर भी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया, जिससे पुलिस बल की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा, डीएसपी सी.पी. तिवारी, आरआई नीलकंठ वर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें, आग से जुड़े जोखिमों के प्रति सजग रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देकर प्रशासन का सहयोग करें।
