IPS सिमाला प्रसाद अब बड़े पर्दे पर, ‘द नर्मदा स्टोरी’ में निभाएंगी सब-इंस्पेक्टर की भूमिका
भोपाल। मध्यप्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद अब फिल्मों के जरिए समाज तक संदेश पहुंचाती नजर आएंगी। वह आगामी फिल्म The Narmada Story में सब-इंस्पेक्टर की भूमिका निभाने जा रही हैं।
वर्तमान में भोपाल में पदस्थ सिमाला प्रसाद का मानना है कि सिनेमा एक प्रभावशाली माध्यम है, जिसके जरिए बड़े स्तर पर लोगों तक सकारात्मक और सार्थक संदेश पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता फैलाने और संवेदनशील मुद्दों को सामने लाने में फिल्मों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रोफेशन और पैशन के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। उनके अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने से व्यक्ति का दृष्टिकोण व्यापक होता है और समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने के अधिक अवसर मिलते हैं।
सिमाला प्रसाद पहले भी अपने बहुआयामी व्यक्तित्व और रचनात्मक कार्यों के कारण चर्चा में रही हैं। अब पुलिस सेवा के साथ फिल्मी दुनिया में उनकी नई शुरुआत को प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।
