“ऑपरेशन निश्चय” में गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12 किलो 800 ग्राम गांजा सहित दो तस्कर गिरफ्तार

0
690509711_1400575148769143_7399040038421301376_n

गरियाबंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना छुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लाख 40 हजार रुपये कीमत के अवैध गांजा के साथ एक विधि से संघर्षरत बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कालाहांडी (ओडिशा) की ओर से दो संदिग्ध व्यक्ति छुरा की दिशा में मादक पदार्थ गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी छुरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोसोमबुड़ा तिराहा चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोककर जांच की।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद स्लेटी ब्लू रंग के पिट्ठू बैग से खाकी टेप में लिपटा हुआ 12 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 40 हजार रुपये बताई गई।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजा तस्करी में प्रयुक्त बजाज पल्सर NS 200 मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये है, तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत करीब 50 हजार रुपये) भी जब्त किए। इस प्रकार कुल 7 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कुंदन कुमार निर्मलकर (25 वर्ष), निवासी इराईखुर्द थाना घुमका जिला राजनांदगांव तथा एक विधि से संघर्षरत बालक बताया। दोनों के विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब एवं गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों