माईनिंग अधिकारी बनकर वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़: डोंगरगांव पुलिस ने स्विफ्ट कार सहित तीन आरोपी दबोचे
राजनांदगांव। जिले में अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को माईनिंग विभाग का अधिकारी बताकर ट्रांसपोर्टर से वसूली करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 07 मई 2026 को ग्राम दर्री निवासी रामसिंह राजपूत ने थाना डोंगरगांव में शिकायत दर्ज कराई कि वह ट्रांसपोर्टिंग एवं जेसीबी कार्य का व्यवसाय करता है। ग्राम आमगांव में खेत समतलीकरण कार्य के दौरान स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 PN 1413 में सवार तीन लोग मौके पर पहुंचे।
आरोपियों — रवि शर्मा, रेहाना बेगम एवं शेख अरमान — ने स्वयं को माईनिंग विभाग का अधिकारी बताते हुए अवैध खनन का आरोप लगाया और कार्रवाई व बदनामी की धमकी देकर 10 हजार रुपये की मांग की। भय के कारण प्रार्थी ने आरोपियों के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन माध्यम से 6 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुमरदा पेट्रोल पंप के पास वाहन सहित तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान एक महिला आरोपी ने स्वयं को पत्रकार बताने की कोशिश भी की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगांव में आरोपियों के खिलाफ धारा 204, 308(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध वसूली एवं फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
