पुलिस भर्ती 2024 अपडेट: दस्तावेज सत्यापन के बाद 63,342 अभ्यर्थी हुए पात्र, प्रारंभिक परीक्षा की तारीख घोषित

0
images

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती-2024 को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। सूबेदार, सब इंस्पेक्टर कैडर एवं प्लाटून कमांडर पदों की भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन चरण पूरा कर लिया गया है। सत्यापन के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया गया है।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार दस्तावेजों की गहन जांच के बाद 63,342 अभ्यर्थियों को पात्र घोषित किया गया है, जबकि 6,723 उम्मीदवार अपात्र पाए गए। अपात्र घोषित होने के प्रमुख कारणों में दस्तावेजों की कमी, निर्धारित मापदंडों का पालन न करना या जानकारी में त्रुटियां शामिल रहीं।

आयोग के मुताबिक भर्ती के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद योग्य अभ्यर्थियों को आगे की परीक्षा प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दी गई है।

सीजीपीएससी ने पहले ही प्रारंभिक परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई (रविवार) को आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी।

इस भर्ती अभियान के अंतर्गत सूबेदार, सब इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर पदों पर चयन किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा के बाद मुख्य परीक्षा एवं अन्य चयन प्रक्रियाएं आयोजित की जाएंगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से जुड़ी नवीनतम जानकारी, प्रवेश पत्र एवं दिशा-निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें।

अधिक जानकारी, परीक्षा अपडेट एवं प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थी psc.cg.gov.in वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों