धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई — ऑनलाइन IPL सट्टा खेलते 2 आरोपी गिरफ्तार, कार और लाखों के मोबाइल जप्त
धमतरी पुलिस ने जुआ-सट्टा एवं अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन IPL सट्टा खेलते दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पीजी कॉलेज मैदान क्षेत्र में कुछ लोग कार के अंदर बैठकर मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपियों को सट्टा खेलते हुए पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन, नगदी राशि एवं सट्टा संचालन में प्रयुक्त कार जप्त की गई। पुलिस द्वारा आरोपियों के मोबाइल ऐप, लेन-देन और नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा युवाओं को तेजी से आर्थिक और मानसिक नुकसान की ओर धकेल रहा है। IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट के दौरान अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क सक्रिय हो जाता है, जिस पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जुआ-सट्टा केवल कानूनन अपराध ही नहीं, बल्कि कई परिवारों की आर्थिक बर्बादी का कारण भी बनता है। इसी कारण धमतरी पुलिस द्वारा ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा, जुआ या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
