अंबिकापुर में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार
अंबिकापुर में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने ओडिशा से गांजा लाकर सरगुजा क्षेत्र में सप्लाई करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 22.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹4.5 लाख बताई जा रही है।
यह कार्रवाई रविवार को सीतापुर थाना क्षेत्र के जजगा पुलिया के पास की गई। आबकारी विभाग की टीम को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपनाथ यादव और इच्छा यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने ओडिशा से गांजा लाकर सरगुजा क्षेत्र में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। पुलिस और आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी ओडिशा नंबर की TVS जुपिटर स्कूटी से गांजा लेकर पहुंचे थे। जजगा पुलिया के पास दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आबकारी टीम ने जांच की, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और ऐसे तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।
