कांकेर पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा, सरपंच सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
कांकेर जिले की चौकी हल्बा थाना नरहरपुर पुलिस ने 8 माह पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या की इस सनसनीखेज वारदात में गांव के सरपंच सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जमीन बिक्री में लाखों रुपये के गबन को छुपाने के लिए पूरी साजिश रची गई थी।

शराब में जहर मिलाकर की गई थी हत्या
मामला ग्राम डुमरपानी निवासी मिलन पटेल की संदिग्ध मृत्यु से जुड़ा था। शुरुआत में मामला सामान्य मौत जैसा दिखाई दे रहा था, लेकिन पुलिस को परिस्थितियों पर संदेह हुआ। इसके बाद चौकी हल्बा एवं थाना नरहरपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
लगातार पूछताछ, तकनीकी जांच और साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में खुलासा हुआ कि जमीन बिक्री की रकम में हेराफेरी सामने आने के डर से गांव के सरपंच ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने मिलन पटेल को शराब में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस की सतर्कता से खुला पूरा षड्यंत्र
कांकेर पुलिस ने मामले में लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और टीमवर्क के जरिए पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि गंभीर अपराध चाहे कितना भी पुराना क्यों न हो, पुलिस की सतर्क जांच और वैज्ञानिक तरीके से अपराधियों तक पहुंचना संभव है।
