रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन आघात के तहत 300 किलो गांजा जब्त, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लगभग 300 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.86 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से मध्यप्रदेश के लिए गांजे की बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना की पुष्टि होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी और घेराबंदी की।
जांच के दौरान कटकलिया मार्ग पर संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान एक वाहन में दोहरी नंबर प्लेट लगाए जाने का मामला सामने आया, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजे की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में मौजूद उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने मौके से तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए रायगढ़ पुलिस की विशेष टीमों को मध्यप्रदेश और सरगुजा क्षेत्र रवाना किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में गांजा, नशीले पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
